Scorpio: तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो ने तोड़ा स्पीड का रिकॉर्ड, हवा में उछली गाड़ी, छह लोग बाल-बाल बचे
Scorpio: कुशीनगर में नेशनल हाईवे-28 पर हाटा कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत सुकरौली में देर रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। डेढ़ सौ की रफ्तार से दौड़ रही एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए हवा में उछल गई और सड़क किनारे बने एक मकान की छत से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और मौके पर अफरातफरी मच गई।
गाड़ी में छह लोग थे सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि कुछ क्षणों के लिए लोगों को लगा कि गाड़ी में सवार कोई भी नहीं बचेगा। लेकिन गाड़ी में सवार छह लोगों की जान बाल-बाल बच गई, उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई और पुलिस को सूचना दी।
गौरतलब है कि हादसे के समय सड़क पर ट्रैफिक बहुत कम था। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन में हुआ होता, तो बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था, क्योंकि उस समय सड़क पर आमजन और वाहन अधिक रहते हैं।
फिलहाल पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था, जिससे यह दुर्घटना हुई।
