Road accident : परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों की वैन पेड़ से टकराई, चार की मौत, छ: घायल
Road accident: शाहजहांपुर जिले के कांट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे जा रहे छात्र-छात्राओं से भरी वैन स्टेट हाईवे पर जरावन गांव के पास मंगलवार सुबह पिछला टायर फटने से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
इसके बाद वैन पलट गई।इस हादसे में वैन में सवार 10 में चार परीक्षार्थियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह जख्मी हो गए।
मरने वालों मेंं हरियापुर के स्कूल प्रबंधक अनिल मिश्रा की बेटी प्रतिष्ठा, मुनव्वरगंज बरेंडा के चंद्रपाल का बेटा अनुराग, नगला जाजू गांव के नीरज का बेटा अनुरूप, और बरेंडा गांव के महेंद्र की बेटी मोहनी शामिल हैं।
मंगलवार सुबह आंख खुलते ही लोगों को बड़ी अनहोनी की खबर मिली। कांट क्षेत्र के हरियापुर, बरेंडा, नगलाजाजू समेत कई गांवों के हाईस्कूल के छात्र और छात्राओं ने हरियापुर गांव के एक स्कूल से हाईस्कूल का फार्म भरा था,
जिसका सेंटर जैतीपुर के एक इंटर कालेज में पड़ा था। मंगलवार सुबह 6 बजे एक ईको कार छात्र और छात्राओं को पेपर दिलाने ले जा रही थी। छात्र और छात्राओं को समय से कालेज छोड़ने की टेंशन में चालक ने गाड़ी को तेज स्पीड में दौड़ा दिया।
स्टेट हाईवे पर जरावन गांव के पास पहुंचते ही वैन का पिछला टायर फट गया, जिससे अनियंत्रित होकर कार हाईवे किनारे एक पेड़ में जा घुसी। स्पीड इतनी तेज थी कि पेड़ से टकराने के बाद गाड़ी खंती में पलट गई।
हादसे में हरियापुर के स्कूल प्रबंधक की बेटी प्रतिष्ठा और दो अन्य छात्रों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि सात छात्र गम्भीर रूप से घायल हो गए।
हादसा स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायलों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से मेडिकल कालेज भेजा गया। मृत तीन परीक्षार्थियों के शव पुलिस ने मेडिकल कालेज के मार्चरी में भेज दिए।
हादसे की जानकारी मिलने पर छात्र और छात्राओं के परिजन मेडिकल कालेज पहुंचे। वहां इलाज के दौरान एक और छात्रा ने दम तोड़ दिया।
छह घायल छात्रों का इलाज किया जा रहा। इसमें एक छात्र को हल्की चोट आने पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे परीक्षा देने भेज दिया गया है। मेडिकल कालेज में एडीएम, एसडीएम, एसपी सिटी समेत आलाधिकारी पहुंच गए।
घायलों में ज्योति पुत्री चुम्मा लाल सक्सेना, अवनीश पुत्र मदनपाल, विपिन पुत्र सत्यपाल, मोहन गुप्ता पुत्र रामनिवास, रविकांत पुत्र बानाधारी और ध्रुव पुत्र राजेश है। ध्रुव को प्राथमिक उपचार के बाद परीक्षा देने के लिए भेज दिया गया है। सभी बच्चे बरेंडा गांव के हैं।
क्या बोली पुलिस
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
