Police: दबिश देने गई पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने किया हमला, सिपाही से सरकारी पिस्टल भी लूटी
police: उत्तर प्रदेश के मेरठ लूट के आरोपी की धरपकड़ को पहुंची पुलिस पर युवक के परिजनों ने हमला कर दिया।
पुलिस पर पथराव किया और हमले में इंस्पेक्टर क्राइम और दो सिपाही घायल हो गए।
एक सिपाही की सरकारी पिस्टल भी लूट ली गई। इसका पता लगते ही अधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी दी, जिसके बाद पिस्टल बरामद कराई गई।
वहीं, मामले में एक सिपाही की भूमिका संदिग्ध बताई गई है। 12 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
सरधना में ईकड़ी चौराहे पर चार मार्च को आरिफ से मोबाइल लूट हुई थी।
मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई। वारदात में हर्रा निवासी कल्लू उर्फ जीशान वांछित था।
सरधना थाने के इंस्पेक्टर क्राइम ब्रज किशोर ने टीम के साथ शुक्रवार रात कल्लू उर्फ जीशान के घर दबिश दी।
जीशान को हिरासत में लिया। अचानक आरोपी के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया
और अभिरक्षा से जीशान को छुड़ा लिया। पुलिस से मारपीट कर आरोपियों ने पथराव कर दिया।
हमलावरों में शामिल आरिफ उर्फ खौंदा ने सिपाही अभिषेक की सरकारी पिस्टल लूट ली और फरार हो गया।
इस दौरान इंस्पेक्टर क्राइम ब्रज किशोर और सिपाही अभिषेक, सनी घायल हो गए।
वहीं, हमले की सूचना मिलते ही अफसर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर दौड़े।
आरोपियों और सरकारी पिस्टल की तलाश में कांबिंग की। पुलिस ने आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाने की
धमकी दी, जिसके बाद पिस्टल पुलिस के हवाले कर दी गई। इंस्पेक्टर क्राइम की तहरीर पर सरूरपुर थाने में कय्यूम,
जुनैद, सादाब, रागिब, आरिफ उर्फ खौंदा व राहिब सहित परिवार की पांच अज्ञात
महिलाओं के खिलाफ हमला, बलवा और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मकान बंद कर आरोपी फरार
पुलिस पर हमले के बाद आरोपी और उनके पड़ोसी मकान पर ताले लगाकर फरार हो गए।
पुलिस टीम दबिश दे रही है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेने की चर्चा है।
सिपाही की भूमिका संदिग्ध
सरधना थाने में तैनात सिपाही राजकुमार ने लूट के मामले में आरोपी जीशान का नाम निकालने के लिए सेटिंग की थी।
आरोप है इसके लिए 45 हजार रुपये रिश्वत ली थी। वहीं, दूसरी ओर पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी को
दबिश दी। इसे लेकर जीशान और परिजनों ने विरोध करते हुए कहा कि जब नाम निकालने के लिए रकम दी है
तो पुलिस दबिश क्यों दे रही है। अधिकारियों के संज्ञान में पूरा मामला लाया गया है।
