Murder: पति ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर हसुआ से रेत लिया खुद का भी गला, रिश्तेदार के घर में मिले दोनों के शव
Murder:यूपी के भदोही में एक रिश्तेदार के घर में पति और पत्नी के शव मिले हैं। दोनों का गला धारदार हथियार से रेता गया है। शनिवार की सुबह भदोही के कोईरौना थाना क्षेत्र के दस्युपुर डीघ गांव में पति-पत्नी के ऐसे अंजाम की सूचना फैली तो हड़कंप मच गया।
गांव के लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों कुछ दिन पहले ही अपने रिश्तेदार (साढ़ू) के यहां दस्युपुर गांव में पहुंचे थे। शनिवार की सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ।
इस झगड़े में पति ने पहले पत्नी की हत्या की फिर खुद के गले पर धारदार हथियार से वार कर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार राजेश निषाद (उम्र 32 वर्ष ) प्रयागराज के डिघिया मांडा गांव के रहने वाले थे। दो साल पहले उनकी शादी प्रयागराज के परवा मदरापुर की रहने वाली सन्नो देवी (उम्र 26 वर्ष ) के साथ हुई थी।
शादी के बाद आजीविका के सिलसिले में राजेश निषाद अपनी पत्नी के साथ गोवा चले गए थे। दोनों वहीं रह रहे थे। इस बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ।
इससे नाराज होकर चार दिन पहले सन्नो देवी अपने मायके पहुंच गई। वहां से वह अपने बहन के घर दस्युपुर चली गई। अगले दिन राजेश भी पत्नी को खोजते-खोजते वहां पहुंच गए।
यहां शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। सन्नो की बहन सुधा ने बीच बचाव किया तो मामला किसी तरह शांत हो गया। सुधा ने यहां तक कह दिया कि यदि झगड़ा ही करना है तो अपने घर चले जाइए।
दस्युपुर में सुधा अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनके पति और ससुर बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह पति-पत्नी एक बार फिर आपस में झगड़ा करने लगे। दोनों के बीच झगड़ा हद से अधिक बढ़ गया।
इसी दौरान गुस्से में आकर पति राजेश ने पत्नी सन्नों के गले पर हसुआ से वार कर दिया। सन्नो की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद राजेश ने अपने गले पर भी वार कर आत्महत्या कर ली।
पति और पत्नी की इस तरह दर्दनाक मौत से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इक्ट्ठा किए।