Medical students:सात मेडिकल स्टूडेंट निलंबित, वायरल वीडियो में रैगिंग के दौरान कथित यौन उत्पीड़न मामले में हुई कार्रवाई
तमिलनाडु के मशहूर क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (Medical College ) में 7 सीनियर MBBS छात्रों को
निलंबित कर दिया गया है. CMC वेल्लोर (Vellore) के इन छात्रों पर MBBS प्रथम वर्ष के छात्रों के
एक ग्रुप की रैगिंग करने और इस दौरान यौन उत्पीड़न करने का आरोप है.
यह कार्रवाई इस रैगिंग का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की है.
कॉलेज प्रबंधन ने जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है, जिसकी
रिपोर्ट पर आगे कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने भी इस मामले में जांच शुरू कर दी है.
MBBS प्रथम वर्ष के छात्र ने शेयर किया वीडियो
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
करीब 1.52 मिनट के इस वीडियो को MBBS प्रथम वर्ष के एक छात्र ने शेयर किया था.
इस वीडियो में उसे और उसके साथियों की रैगिंग लेते हुए कुछ सीनियर स्टूडेंट्स दिख रहे हैं.
कॉलेज हॉस्टल के बाहर बने इस वीडियो में सीनियर्स स्टूडेंट्स ने जूनियर्स को केवल अंडरवियर पहनकर
कॉलेज हॉस्टल के बाहर कीचड़ में लेटने, पुशअप्स लगाने के लिए मजबूर करते दिख रहे हैं.
इस दौरान उनके ऊपर पाइप से पानी की बौछार की जा रही है.
वीडियो में कुछ छात्रों को कीचड़ में तालाब की तरह भरे पानी में तैरते हुए भी दिखाया गया है.
विजुअल्स में दो युवक आपस में बेहद अनुचित तरीके से गले लगते हुए दिख रहे हैं,
जबकि एक युवक दूसरे युवक को मारने के साथ ही उसके जननांगों को छूता दिख रहा है.
वीडियो में युवा छात्रों का एक समूह इधर से उधर दौड़ता दिख रहा है.
वीडियो में लिखे कैप्शन में आरोप लगाया गया है कि सीनियर्स ने जूनियर्स को ये सब हरकतें करने के लिए मजबूर किया है.
महिला छात्रा भी हुई शिकार, बोली- मेरे साथ हुआ यौन शोषण
PTI के मुताबिक, रैगिंग का शिकार होने वाले जूनियर छात्रों में एक महिला छात्रा भी शामिल थी.
छात्रा ने मीडिया के सामने बताया कि उन सभी का शारीरिक और यौन शोषण भी किया गया.
एक डॉक्टर के ट्वीट करने पर हुआ वायरल
MBBS प्रथम वर्ष के छात्र की वीडियो पोस्ट को एक डॉक्टर ने ट्विटर पर ट्वीट कर दिया.
इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया. CMC वेल्लोर प्रबंधन ने मीडिया से बताया कि
एक गुमनाम शिकायत के आधार पर जांच कमेटी गठित की गई है. उन्होंने कहा.
हमने सात सीनियर छात्रों को रैगिंग के आरोप में निलंबित कर दिया है.
इस मामले की पूर्ण जांच के लिए पुलिस को भी शिकायत दी गई है.
प्रबंधन ने भी उनकी गतिविधियों की आगे की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने शुरू कर दी है जांच
वेल्लोर पुलिस (Vellore Police) के एसपी एस. राजेश कन्नन ने कॉलेज की तरफ से शिकायत मिलने की पुष्टि की है.
उन्होंने बातचीत में कहा, जांच शुरू कर दी गई है. हम यह वैरिफाई करा रहे हैं
कि यह वीडियो सच है या झूठ. कॉलेज प्रबंधन ने हमें वह गुमनाम शिकायत भी दी है, जो उन्हें मिली थी.
