Marriage: दूल्हा कार के पास करता रहा विदाई का इंतजार, जिसने शादी कराई वही भगा ले गया दुल्हन
Marriage: यूपी के झांसी में आई बारात का लड़की वालों ने जमकर स्वागत-सत्कार किया।
द्वारचार की रस्म के बाद खाना-पीना हुआ और फिर शादी की रस्मे शुरू हो गईं।
जयमाल के बाद दूल्हा मंडप में पहुंचा। रात को ही दूल्हे ने दुल्हन संग फेरे लिए और
एक-दूसरे को सात वचन दिए। अगले दिन बारात विदाई की तैयारी शुरू हो गई थी।
कलेवा के बाद बारात की विदाई का कार्यक्रम शुरू हुआ।
दूल्हा अपनी गाड़ी के पास दुल्हन का इंतजार कर रहा था, इसी बीच आई एक खबर ने शादी की
खुशियां को काफूर कर दिया। ससुराल जाने से पहले ही दुल्हन गायब हो चुकी थी।
काफी तलाश करने पर उसका पता नहीं चला। बाद में बिना दुल्हन के ही बारात बैरंग चली गई।
मजे की बात तो ये है कि जिस लड़की की शादी थी उसके मां-बाप इस शादी में
शामिल ही नहीं हुए थे। क्षेत्र में चर्चा है कि जिसने शादी करवाई है वही लड़की को भगा ले गया।
वहीं दूल्हे ने भी एक युवक पर जेवरात समेत युवती को ले
जाने का आरोप लगाया है। उसने थाने में शिकायत की है।
कस्बा बरुआसागर के मोहल्ला सनौरा निवासी महेंद्र सेन के बेटे मानवेंद्र सेन की गुरसरांय के गांव
इटौरा निवासी एक युवती से रिश्ता तय हुआ था। बीती छह जून को बरुआसागर स्थित
एक एक विवाह घर में शादी थी। यहीं पर वधू पक्ष ने आकर विवाह कराया।
गाजे-बाजे के साथ मंगलवार की रात बारात आई। बुधवार सुबह-सुबह भांवरे भी पढ़ी गई।
जैसे ही विदाई का वक्त करीब आया तो दुल्हन लापता हो गई।
जिससे घराती-बाराती में अफरा-तफरी मच गई। काफी तलाशने के बाद पता न चलने पर बारात
बगैर दुल्हन के घर लौट गई। दूल्हा पक्ष ने एक युवक पर दुल्हन को ले जाने का आरोप लगाया है।
दूल्हा मानवेंद्र ने बरुआसागर थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शादी में
करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा करीब चार लाख रुपये के
जेवर पहनाए गए थे। बताया, दुल्हन किसी दोस्त के साथ चली गई है।
मामले में बरुआसागर थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया कि जांच की जा रही है।
वर-वधू पक्ष के लोगों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद
सही पाए जाने पर अग्रिम कार्रवाई मल में लाई जाएगी।
लड़की की मां बोली, उसे शादी में नहीं बुलाया गया
थाने आई मां ने आरोप लगाया कि उन्हें शादी में नहीं बुलाया गया था।
एक युवक से उसकी बेटी की दोस्ती थी। वह उसी के मकान में रह रही थी।
वही युवक शादी करवा रहा था। लेकिन, यह नहीं पता था कि इतना सब हो जाएगा।
वह लोग कंपनी बाग स्थित बाहर स्थित कुछ रिश्तेदारों के साथ
बाहर खड़े रहे। बाद में यह घटना की जानकारी हो सकी।
जान से मारने की दी धमकी
दूल्हे मानवेंद्र ने आरोप लगाया कि युवती अपने दोस्त के साथ चली गई है।
शादी के वक्त लड़की की न तो मां आई और न ही कोई अन्य रिश्तेदार।
वह सारे जेवर भी ले गई है। बताया, यह लोग जान से मारने व दहेज में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
उसने पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है।
