Marriage: दंत doctor बनकर युवती ने कस्टम अधिकारी से शादी, अब तलाक के नाम पर एक करोड़ की मांग
Marriage: हरियाणा की एक युवती ने खुद को दंत चिकित्सक बताते हुए बुलंदशहर के कस्टम अधिकारी से शादी कर ली। शादी के कुछ वक्त बाद ही युवती अपने मायके चली गई और अब तलाक की मांग करते हुए एक करोड़ रुपये की डिमांड की जा रही है।
पीड़ित कस्टम अधिकारी के अनुसार उसकी पत्नी के बीडीएस के कागजात भी फर्जी निकले है। एसएसपी ने मामले में एसपी क्राइम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर के आदर्श नगर क्षेत्र निवासी मानवेंद्र सिंह कस्टम हाऊस चेन्नई में मूल्यांकन अधिकारी है।
मानवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को एसएसपी से मिलकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में शादी करने के लिए मेट्रोमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल अपलोड की थी।
उसके बाद हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के एक परिवार ने उनसे संपर्क किया। संबंधित लोगों ने युवती को दंत चिकित्सक बताते हुए शादी तय कर दी। 22 फरवरी 2019 को उनकी शादी हो गई।
शादी के बाद पत्नी कुछ दिन रहने के बाद मायके चली गई। मायके से आने के बाद वह उनके साथ चेन्नई जाकर रही और जून 2022 में चेन्नई से आने के बाद फिर मायके चली गई।
आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। अब तलाक मांगते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की जा रही है।
जांच करने पर पता चला कि पत्नी के बीडीएस के कागजात भी फर्जी हैं। ऐसे में खुद को दंत चिकित्सक बताकर धोखाधड़ी कर शादी की गई है।
पीड़ित ने आरोपी पत्नी, उसके माता-पिता एवं अन्य परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने एसपी क्राइम को मामले की जांच सौंप दी है। एसएसपी ने बताया कि उक्त प्रकरण में जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
