love trap: 12 दिन से प्रेमजाल में फंसाकर बुला रहा था आरोपी, मौका मिलते ही कर दी दरिंदगी
love trap: गोरखपुर जिले में खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही कोठी में बंद पाइप की फैक्टरी में बंधक बनाकर किशोरी से दुष्कर्म के मामले ने पुलिस को हिला दिया।
दरिंदगी के बाद किशोरी बेहोश हो गई। बुधवार सुबह हालत बिगड़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मां की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म व पॉस्को एक्ट की धारा में
केस दर्ज कर आरोपी साजन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। आरोपी प्रधान का भतीजा है।
जानकारी के मुताबिक, कुसम्ही इलाके की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे पैदल घर जा रही थी।
कुसम्ही कोठी के पास उसे साजन ने रोका और बैठकर बात करने के बहाने बंद फैक्टरी में लेकर चला गया। उसे बंधक बनाकर रात में दुष्कर्म किया।
अधिक रक्तस्राव होने की वजह से वह बेहोश हो गई तो आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह मामले को मैनेज करने की भी कोशिश की गई, लेकिन पुलिस तक मामला पहुंचने पर केस दर्ज कर लिया गया।
पुलिस किशोरी की तबीयत ठीक होने के बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने कराएगी।
हालांकि, घटना में दो लोगों के शामिल होने की इलाके में चर्चा है, लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि दुष्कर्म की घटना का केस दर्ज कर लिया गया है।
घटना में एक ही शख्स के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भिजवा दिया है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
