instagram: सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए लड़की ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया सुसाइड वीडियो, घर पहुंचने पर हैरान रह गई पुलिस
instagram: उत्तर प्रदेश के आगरा में इंस्टाग्राम पर लाइक और कमेंट के चक्कर में एक लड़की ने खुदकुशी करने का वीडियो पोस्ट कर दिया। इससे पहले उसने एक दुख भरा मैसेज भी लिखा। हाथ में गोलियां लीं और खाते हुए वीडियो बनाया। वीडियो पोस्ट होते ही मेटा द्वारा सोशल मीडिया सेल लखनऊ को अलर्ट भेजा गया। लखनऊ से आगरा पुलिस को खबर मिली। पुलिस जब युवती के घर पहुंची तो वह ठीक थी। इसके बाद उसकी काउंसलिंग कराई गई।
रविवार को एक लड़की के सुसाइड वीडियो की जानकारी सोशल मीडिया सेल को मिली। सेल में तैनात आरक्षी विमल कुमार, आरक्षी आशीष शर्मा और महिला आरक्षी शालिनी ने लड़की का लोकेशन पता किया तो ये लोकेशन सदर इलाके में बुंदूकटरा चौकी क्षेत्र की मिली। इसकी जानकारी सदर पुलिस को दी गई। जिसके कुछ ही देर बाद पुलिस युवती के घर पहुंच गई। युवती अपने घर पर मौजूद थी और अपने परिवार से आराम से बातचीत कर रही थी।
पुलिस ने उसे वीडियो दिखाते हुए जब उससे पूछा कि ये किसका है तो युवती ने बताया कि उसने ही पोस्ट किया था। उसने बताया कि सोशल मीडिया पर वह फेमस होना चाहती थी इसलिए ऐसा किया। सेड कोट्स के साथ वीडियो अपलोड कर दिया। उसने वीडियो में जो गोलियां खाई थीं वह एलर्जी की हैं। युवती से बातचीत के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग की। उन्होंने बताया कि उसके वीडियो की वजह से पुलिस के होश उड़ गए थे। लखनऊ से फोन आया। पुलिस ने पहले उसकी लोकेशन पता की। उसके बाद बमुश्किल उसका घर पता किया। युवती ने पुलिस से वादा किया कि भविष्य में ऐसा नहीं करेगी।
मेरा तो वैसे भी मजाक बनकर रह गया है
युवती ने मैसेज में लिखा कि मेरा तो वैसे भी मजाक बनकर रह गया है। और भी दिल से भी उतर गई हूं। तुम्हारी बुरी बन चुकी हूं। इसलिए आज मेरे साथ यह सब हो रहा है। मेरी किस्मत ही खराब है। इतना है मैं खुद को माफ नहीं कर पाउंगी। खुद को हर्ट करूंगी। आज नहीं तो कल मरना ही पड़ेगा। लेकिन कोशिश जरूर करूंगी। क्योंकि तुम्हारे बिना जीना नहीं आता है।
चित्राहट में हुई थी ऐसी घटना
25 फरवरी को इसी अंदाज में एक युवक ने वीडियो इंस्टाग्म (instagram) पर अपलोड किया था। मेटा मुख्यालय यूएसस से लखनऊ साइबर सेल को अलर्ट मिला था। लखनऊ से आगरा पुलिस को सूचना मिली थी। उस युवक ने ताकत की गोलियां खाई थीं। उसने भी सोशल मीडिया पर हिट होने के लिए ऐसा किया था।
