Hanging:प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद युवक ने प्रेमी के चुनरी से लगाई फांसी
Hanging: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बारूगढ़ गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
प्रेमिका से झगड़े के बाद 25 वर्षीय समरेज पुत्र हामिद ने उसकी चुनरी से फंदा बनाकर पेड़ पर लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद युवती ने अपने प्रेमी के शव को पेड़ से उतारा और रातभर उसके पास बैठकर रोती रही। सुबह उसने फोन कर समरेज के परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अलग-अलग समुदाय से थे और उनके प्रेम प्रसंग को लेकर परिजन नाखुश थे।
दो सप्ताह पहले पंचायत में युवक को युवती से थप्पड़ भी लगवाए गए थे, लेकिन दोनों का संपर्क जारी रहा।
पुलिस जांच के अनुसार, शनिवार रात 11 बजे समरेज ने पास के गांव कुरड़ीखेड़ा की युवती को फोन कर गांव के बाहर बुलाया और बाइक से बारूगढ़ के एक खेत में ले गया।
वहां किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। युवती ने समरेज द्वारा दिया गया फोन लौटाकर घर जाने की बात कही, जिससे गुस्साए समरेज ने उसकी चुनरी छीन ली और आत्महत्या की धमकी दी।
युवती के नहीं रुकने पर उसने पेड़ पर चढ़कर चुनरी से फंदा बनाया और फांसी लगा ली।
चीख सुनकर युवती वापस दौड़ी और शव को पेड़ से उतारा, लेकिन तब तक समरेज की मौत हो चुकी थी। रातभर युवती शव से लिपटकर रोती रही।
युवती से पुलिस कर रही पूछताछ
रविवार सुबह परिजनों और थाना बिहारीगढ़ पुलिस के मौके पर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और युवती से पूछताछ की।
युवती ने घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि युवती से पूछताछ के आधार पर पता चला कि झगड़े के बाद समरेज ने यह कदम उठाया।
अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और मामले की जांच जारी है।
यह घटना प्रेम प्रसंग में सामाजिक दबाव और पारिवारिक असहमति के दुखद परिणाम को दर्शाती है।
