Google Search : मानसून की अपडेट के लिए गूगल पर कर रहे हैं सर्च तो जरा रुकिए! पहले पढ़ लीजिए ये चेताने वाली खबर
google search: बिपरजॉय तूफान के बाद अब मानसून ने भी दस्तक दे दी है।
ऐसे में आने वाले तूफान और बरसात की जानकारी के लिए लोग गूगल समेत
इंटरनेट मीडिया में आ रहे अनजान लिंक पर क्लिक
कर रहे हैं। जिससे उनके बैंक खाते का बैलेंस उड़ सकता है।
हालांकि अब तक इस तरह के मामले नहीं आए है, फिर भी ऊधम सिंह नगर पुलिस के साथ ही
साइबर थाना पुलिस एहतियातन लोगों को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जागरूक कर रही है।
साइबर ठग इस तरह उठा रहे फायदा
संचार क्रांति से हर काम आनलाइन हो रहा है। जिसका फायदा
साइबर ठगों ने उठाना शुरू कर दिया है। बीते चार-पांच साल के भीतर साइबर ठगों ने
आनलाइन खरीददारी, नेट बैंकिंग, गेम डाउनलोडिंग, फर्जी आइडी, हेल्पलाइन और
जीवन प्रमाण पत्र, केवाइसी अपडेट करने के साथ ही फेसबुक पर महिला बनकर दोस्ती का प्रस्ताव
देकर और वाट्सएप हैक होने का झांसा देकर लोगों से ठगी करना शुरू कर दिया है।
इस पर रोक लगाने के लिए पुलिस लोगों को जागरूक करने के साथ ही काफी हद तक
अंकुश भी लगा चुकी है। बावजूद इसके साइबर ठग
नए नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना ही लेते हैं।
वर्तमान में बिपरजॉय तूफान के बाद अब देश भर में मानसून ने भी दस्तक दे दी है।
ऐसे में लोग इसकी जानकारी लेने के लिए इंटरनेट मीडिया के साथ ही गूगल पर जाकर तूफान और
बरसात की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। जिसका फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक इंटरनेट मीडिया और गूगल सर्च के दौरान मानसून और बिपरजॉय तूफान की
जानकारी देने वाले कई लिंक पड़े हुए हैं। जिस पर जाने अनजाने लोग क्लिक कर रहे हैं।
जिसके बाद लोगों की सूचनाएं और बैंक से जुड़ी सूचनाएं शेयर हो रही हैं।
इसे देखते हुए साइबर थाना पुलिस के साथ ही ऊधम सिंह नगर पुलिस बिपरजॉय तूफान और
मानसून की जानकारी देने वाले लिंक से दूर रहने के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है।
साइबर क्राइम से बचाव के उपाय
इंटरनेट मीडिया के इस्तेमाल में सावधानी बरतें
किसी भी आकर्षक/लुभावने व कम समय में अधिक मुनाफा प्राप्त करने वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं।
इंटरनेट मीडिया पर अंजान व्यक्ति / महिला की रिक्वेस्ट स्वीकार न करें।
किसी भी प्रकार के उपहार/ लक्की ड्रा, डिस्काउन्ट, लाटरी, पालिसी में बोनस के प्रलोभन में न आएं।
भारी मात्रा में विदेशी धनराशि के लालच में आकर धनराशि देने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी व महत्वपूर्ण डाटा शेयर करने से बचें।
किसी पर शक होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन को संपर्क करें।
वित्तीय साइबर अपराध घटित होने पर 1930 नंबर पर संपर्क करें ।
परिचित के मुसीबत में मदद करने के मैसेज आ रहे हैं तो एक बार संपर्क कर पुष्टि कर लें।
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
गूगल और इंटरनेट मीडिया में लोग मानसून और बिपरजॉय की जानकारी ले रहे है
ऐसे में साइबर ठगों ने कई लिंक भी उसमें डाले हैं। जब लोग उसमें क्लिक करते हैं
तो उनकी बैंक खाता समेत अन्य सूचनाएं साइबर ठगों तक पहुंच जाती है।
जिससे उनके खातों में जमा पूंजी उड़ जाती है। लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के
लिए इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।
