Execute:हैलो सर मेरा दोस्त फांसी लगा रहा, फेसबुक लाइव कर प्रेमी के गले में फांसी का फंदा देख घबरा गई प्रेमिका, फिर…
हैलो सर मेरा दोस्त फांसी लगा रहा है। उसने फेसबुक लाइव कर इसकी जानकारी दी है। लखनऊ पुलिस कंट्रोल रूम पर यह फोन युवती ने किया था। जो काफी घबराई हुई थी।
युवती ने दोस्त का नम्बर दिया था। जिसे ट्रैक करते हुए विभूतिखंड पुलिस युवक के घर पहुंच गई। जहां युवक सकुशल मिला।
पूछने पर बताया कि प्रेमिका को डराने के लिए उसने फेसबुक लाइव करने के साथ ही वीडियो रिकार्ड कर भेजा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग करने की धारा में कार्रवाई की है।
वीडियो रिकार्ड कर प्रेमिका को भेजा
बाराबंकी निवासी अरुण कुमार शर्मा विभूतिखंड में किराए के मकान में रहता है। हाउसकीपिंग कम्पनी में काम करने वाले अरुण ने फेसबुक लाइव करते हुए एक रील रिकार्ड की।
जिसमें युवक गले में रस्सी का फंदा डाले हुआ दिखाई पड़ा। यह वीडियो अरुण ने गर्लफ्रैंड के व्हाटसएप नम्बर पर भेजा था। प्रेमी का वीडियो देख कर युवती घबरा गई। उसने पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर इसकी सूचना दी।
एडीसीपी पूर्वी सै. अली अब्बास ने बताया कि युवती ने अरुण का मोबाइल नम्बर भी दिया था। जिसे ट्रैक करते हुए पुलिस अरुण के विभूतिखंड स्थित कमरे पर पहुंची।
पूछताछ करने पर अरुण ने बताया कि प्रेमिका उससे बात नहीं कर रही थी। उसे डराने के लिए खुदकुशी करने का नाटक करते हुए फेसबुक लाइव किया था।
एडीसीपी ने बताया कि अरुण को दबोचते हुए उसके खिलाफ शांतिभंग करने की धारा में कार्रवाई की गई है।
