Dead body: गंडक नहर के पास झाड़ियों में मिला युवती का शव,जांच में जुटी पुलिस
Dead body: कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सेखुई गांव के पास पश्चिमी गंडक नहर की पटरी पर झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवती के गले पर रस्सी जैसे निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतका की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।
