Cyber thugs का बड़ा खुलासा, श्रम विभाग में दो सालों में हुआ 550 करोड़ का घोटाला
Cyber thugs: श्रम विभाग के सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पोर्टल में सेंधमारी कर 1.10 करोड़ का खुलासा बुधवार को क्राइम ब्रांच ने कर दिया।
पकड़े गए सजेती निवासी मास्टरमाइंड उदित मिश्रा ने बताया कि श्रम विभाग के इस पोर्टल से बीते दो सालों में करीब 550 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है।
पोर्टल में डाले गए बग के सहारे साइबर ठग इसमें सेंध लगाते रहे और विभाग को पता तक नहीं चला। हालांकि क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक पुलिस को अभी इस तथ्य के बारे में जानकारी नहीं हो पाई है।
जो खुलासे उदित ने किए हैं उसके आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। पोर्टल में सेंधमारी के मामले में क्राइम ब्रांच ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
उदित को बुधवार को मीडिया के सामने लाया गया, जहां उसने बताया कि उसके द्वारा मात्र 1.10 करोड़ का ही घोटाला किया गया है
मगर इसी पोर्टल के जरिए पिछले दो सालों में 550 करोड़ का घोटाला कई जिलों में हुआ है। घोटाला इसी तरह कई जिलों में किया गया है।
उदित ने खुलासा किया कि श्रम विभाग के कई लोग इसमें शामिल हैं मगर जिन्हें जानकारी नहीं थी उन्होंने कानपुर में रिपोर्ट लिखा दी।
जिसके कारण यह खुलासा हो गया। उदित के अनुसार 412 करोड़ रुपये सिर्फ फर्जी खाताधारकों, विभाग के लोगों को ही दलाली बांटी गई है।
डीसीपी क्राइम, आशीष श्रीवास्तव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आरोपित ने बहुत सारी जानकारियां दी है मगर अभी यह कहीं पुष्ट नहीं है कि श्रम विभाग के अंदर कोई अधिकारी या कर्मचारी इस घोटाले में शामिल रहा है।
घोटाला कितना बड़ा है इसकी सही फिगर की जानकारी नहीं है। कानपुर में जो 1.10 करोड़ का फ्रॉड हुआ था। क्राइम ब्रांच ने उसका खुलासा कर दिया है। बाकी मामले में जांच की जा रही है।
