Bride: नहाते समय बाथरूम में बेहोश होकर गिरी दुल्हन, शादी के 11वें दिन ही मौत,जानें
Bride: यूपी के औरैया में शादी के 11वें दिन ही दुल्हन की दर्दनाक मौत हो गई है। नहाते समय बाथरूम में बेहोश होकर गिर गई थी। जब तक परिजन कुछ समय पाते और कुछ करते दुल्हन की मौत हो चुकी थी।
हादसा दिबियापुर थाना क्षेत्र की चौकी व गांव कंचौसी में इलाके में स्थित ससुराल में हुआ। माना जा रहा है कि नहाते समय बाथरूम में लगे गैस गीजर से बनी जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हुई है। युवती की 14 फरवरी को ही शादी हुई थी।
बताया जाता है कि कंचौसी गांव निवासी अश्वनी गुप्ता की कानपुर निवासी चित्रा के साथ 14 फरवरी को शादी हुई थी। चित्रा रविवार की सुबह करीब नौ बजे नहाने के लिए बाथरूम में गई थी।
वह काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों ने बाहर से आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद चीख पुकार मच गया। आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।
परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो बाथरूम के अंदर चित्रा बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी थी। परिजन तत्काल उसे पास के डॉक्टर के पास लेकर भागे।
वहां से जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने चित्रा को मृत घोषित कर दिया।
इसकी जानकारी नव विवाहिता के मायके पक्ष को दी गई। वहां जब बेटी की मौत की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया।
बताया गया कि चित्रा का विवाह 14 फरवरी को हिंदू रीति रिवाज से कंचौसी गांव थाना दिबियापुर निवासी अश्वनी गुप्ता के साथ हुआ था।
रविवार को हादसे के समय अश्वनी अपने दूसरे मकान में गया था। अश्वनी की मिठाई की दुकान है।
इस संबध में चौकी प्रभारी ज्ञानेद्र कुमार ने बताया पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि जिन घरों के बाथरूम में उचित वेंटिलेशन नहीं होता है ऐसे बाथरूम में गैस गीजर के इस्तेमाल से कार्बन मोनो ऑक्साइड और नाइट्रस ऑक्साइड जैसी बेहद हानिकारक गैसों का रिसाव होता है
। बंद बाथरूम में ज्यादा देर तक रहने से यह गैस व्यक्ति की मौत का कारण भी बन सकती हैं। घरों में गैस गीजरों के बढ़ते इस्तेमाल से इस जानलेवा खतरे का स्तर भी बढ़ता जा रहा है।
