Accident: चारा काटने की मशीन में फंसकर युवक का दायां हाथ कटा
Accident: कुशीनगर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र लक्ष्मीपुर पड़रहवा में चारा काटते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से चलने वाली चारा काटने की मशीन में हाथ फंस जाने से एक युवक का दायां हाथ कट गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 40 वर्षीय गोधन यादव, पुत्र नारायण यादव, अपने दरवाजे पर ट्रैक्टर से चलने वाली चारा काटने की मशीन से पुआल काट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका दायां हाथ मशीन में फंस गया। जब तक मशीन बंद की जाती, तब तक उनका हाथ पूरी तरह कट चुका था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुर्कहां पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल कुशीनगर रेफर कर दिया।
