अब ATM पर जालसाजों की नजर,Cord फंसा कर 2 लाख ठगे, जानिए फ्रॉड से कैसे बचें?
ATM :राजधानी में बिना गार्ड वाले एटीएम बूथ के समीप अपराधियों का गिरोह सक्रिय है। गिरोह के बदमाशों ने तीन अलग-अलग मामले में तीन लोगों को दो लाख से ज्यादा की चपट लगा दी।
बुद्धा कालोनी और राजीव नगर में एटीएम मशीन में कार्ड फंसा 1.92 लाख रुपये उड़ा लिए। जबकि पीरबहोर क्षेत्र में शातिरों ने एटीएम कार्ड बदलकर मेट्रो निर्माण में लगे एक शख्स के खाते से 20 हजार रुपये की निकासी कर ली।
यह भी पढ़ें :Atm :पीएनबी एटीएम से 13 लाख रुपए चुरा कर चुकाया उधार, खरीदा महंगा मोबाइल फोन, 3 गिरफ्तार
पीड़ितों की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की पहचान की जा रही है।
आशियाना दीघा रोड निवासी सुमंत कुमार फल विक्रेता हैं। वह 27 जनवरी की सुबह आशियाना दीघा रोड स्थित इंडियन बैक की एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
मशीन में डालते ही कार्ड फंस गया। जिसके बाद उन्होंने एटीएम बूथ में लिखे मोबाइल नंबर पर फोन किया तो शख्स ने उन्हें नजदीक स्थित आईसीआईसीआई के एटीएम बूथ से गार्ड को बुलाकर लाने को कहा।
जैसे ही पीड़ित गार्ड को बुलाने निकले शातिरों ने एटीएम कार्ड गायब कर दिया। बाद में पीड़ित के खाते से 1.22 लाख रुपये की निकासी कर ली गई।
अन्य मामले में मंदिरी निवासी विकास कुमार के साथ ठगी की घटना घटी। वे 26 जनवरी को रुपये निकालने हरिहर चेंबर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम बूथ पर गए थे।
रुपये निकालने के लिए जैसे ही उन्होंने अपना कार्ड एटीएम मशीन में डाला तो वह फंस गया। जिसके बाद पीड़ित ने बूथ की दीवार पर लिखे कथित इंजीनियर के मोबाइल नंबर पर फोन किया।
फोन उठाने वाले ने पीड़ित को बगल के एटीएम वाले गार्ड के पास जाने को कहा। विकास जैसे ही एटीएम बूथ से निकले कार्ड गायब कर उनके खाते से 60 हजार रुपये की निकासी कर ली गई।
कार्ड बदलकर की ठगी पश्चिम बंगाल के मालदा जिला निवासी जुगल पटना मेट्रो निर्माण के निर्माण कार्य में लगे हुए हैं। वह 21 जनवरी की दोपहर रुपये निकालने के लिए जीएम रोड स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ पर गए थे।
रुपये निकासी में परेशानी आने पर एक युवक मदद के बहाने वहां पहुंचा और धोखे से पीड़ित का डेबिट कार्ड बदल दिया। आरोपित युवक ने कहा कि लिंक फेल होने की वजह से रुपये नहीं निकल रहे हैं।
लिहाजा पीड़ित वहां से चले गए। इसके कुछ देर बाद से ही उनके खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। शिकायत के बाद इस संबंध में पुलिस ने 26 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसी घटना उन एटीएम बूथ पर होती हैं जहां गार्ड नहीं होते हैं। लोग ऐसे बूथ से रुपये की निकासी से बचें।
यदि एटीएम में कार्ड जाम हो जाए तो उसे छोड़कर इधर-उधर ना जाएं। उसे ATM Cord को ब्लाक करा दें। ऐसा कर ठगी से बचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें :ATM Card पर मिलता है 10 लाख तक का दुर्घटना बीमा, पढ़िए क्लेम प्रोसेस
अपराधी वारदात के लिए एटीएम मशीन के कार्ड लगने वाले स्थान पर माचिस की तिल्ली लगा देते हैं। जिससे एटीएम कार्ड जाम हो जाता है।
उधर लोग पिन डालकर रुपये निकालने की कोशिश करते रहते हैं। बूथ के समीप मौजूद बदमाश चोरी से यह देख रहा होता है।
उधर जैसे ही पीड़ित एटीएम बूथ से बाहर निकलता है बदमाश तिल्ली हटा कार्ड निकाल पिन डालकर रुपये की निकासी कर लेते हैं।
