luxury housing: टॉप 7 शहरों में लग्जरी हाउसिंग का दबदबा,तीन साल में कीमतों में जबरदस्त उछाल
luxury housing: देश के टॉप सात शहरों में लग्जरी घरों की कीमतों ने पिछले तीन वर्षों में सभी सेगमेंट को पछाड़ते हुए सबसे तेज़ बढ़त दर्ज की है। रियल एस्टेट सर्विसेज फर्म एनारॉक की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, लग्जरी घरों की औसत कीमत अब बढ़कर 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
साल 2025 में लग्जरी हाउसिंग का औसत दाम 14,530 रुपये प्रति स्क्वायर फीट रहा, जबकि 2022 में यह करीब 20,300 रुपये प्रति स्क्वायर फीट था। रिपोर्ट बताती है कि सप्लाई के साथ-साथ बिक्री और कीमतों में भी उल्लेखनीय बढ़त देखने को मिल रही है।
दिल्ली-एनसीआर सबसे आगे, 72% उछाल
लग्जरी सेगमेंट में दिल्ली-एनसीआर 72% की वृद्धि के साथ शीर्ष पर रहा और कीमतें बढ़कर 23,100 रुपये प्रति स्क्वायर फीट हो गईं।
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में 43% और बेंगलुरु में 42% की बढ़त दर्ज हुई।
वहीं, अफोर्डेबल हाउसिंग (40 लाख रुपये से कम) की कीमतों में केवल 26% का उछाल हुआ, जबकि मिड व प्रीमियम सेगमेंट (40 लाख–1.5 करोड़) में 39% की वृद्धि रही। बेंगलुरु ने यहां भी सबसे अधिक 62% की तेजी दिखाई।
प्रीमियमाइजेशन का ट्रेंड तेज
रिपोर्ट में कहा गया है कि खरीदार अब बड़े स्पेस, एकीकृत समुदाय और भविष्य की सुविधाओं वाले घरों को प्राथमिकता दे रहे हैं। NCR में गुरुग्राम इस बदलाव का केंद्र बना हुआ है, जहां द्वारका एक्सप्रेसवे, SPR, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन और न्यू गुरुग्राम जैसे कॉरिडोर कनेक्टिविटी और निवेश का प्रमुख आधार बन रहे हैं।
एनारॉक ग्रुप के चेयरमैन अनुज पुरी के अनुसार, ब्रांडेड डेवलपर्स द्वारा बेहतर लोकेशन पर बड़े घरों की मांग लगातार बढ़ रही है और जनवरी–सितंबर के बीच बेचे गए कुल 2.87 लाख यूनिट्स में से 30% लग्जरी सेगमेंट के थे।
2025–26 NCR के लिए अहम
गंगा रियल्टी के ED नीरज के. मिश्रा ने कहा कि 2025 NCR रियल एस्टेट के लिए निर्णायक रहा, जबकि 2026 में नए इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड के चलते उभरते माइक्रो-मार्केट में अधिक अवसर खुलेंगे।
त्रेहान ग्रुप के MD सारांश त्रेहान ने बताया कि गुरुग्राम मॉडर्न रियल एस्टेट का प्रमुख हब बन चुका है और 2026 में मांग और तेजी की उम्मीद है।
