EPFO नियमों में सुधार: PF राशि निकासी और समस्याओं का समाधान होगा आसान
EPFO:कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि EPFO से जुड़े नियमों में बदलाव किए जा रहे हैं। इससे अब पीएफ राशि निकालना आसान होगा और सिंगल विंडो प्रणाली के जरिए समस्याओं का समाधान संभव होगा।
मंत्री ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर जानकारी दी कि पहले पीएफ अकाउंट में पैसे निकालना काफी मुश्किल होता था। कई बार लोग परेशान होकर पैसे निकालना छोड़ देते थे। अब इनएक्टिव अकाउंट की पहचान और KYC सुनिश्चित करने के बाद, पैसे सीधे EPFO सब्सक्राइबर के खाते में भेज दिए जाएंगे।
बड़ी सुविधा: अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर खत्म
मनसुख मांडविया ने बताया कि अब EPFO से जुड़ी समस्याओं का समाधान और अधिक सरल होगा। देशभर के सभी EPFO कार्यालय तकनीक-सक्षम और एकीकृत सेवा केंद्रों के रूप में विकसित किए जा रहे हैं।
इसके जरिए सब्सक्राइबर अपने PF मामलों को किसी भी क्षेत्रीय कार्यालय में जल्दी और आसानी से निपटा सकेंगे, चाहे उनका असली खाता या नियोक्ता किसी दूरस्थ जगह पर क्यों न हो।
आने वाले बदलाव: प्राइवेट सर्विस प्रोवाइडर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भविष्य में प्राइवेट सर्विस प्रोवाइडर की व्यवस्था की जाएगी, जो EPFO सब्सक्राइबर्स की मदद करेंगे। इसका फायदा न केवल कंपनियों को होगा बल्कि कर्मचारियों को भी सीधे लाभ मिलेगा।
इन बदलावों से EPF सब्सक्राइबर्स को तेज़, सरल और पारदर्शी सेवा मिलने की उम्मीद है।
