PM Modi: अयोध्या में ऐतिहासिक ध्वजारोहण,चार घंटे राम मंदिर में बिताएँगे प्रधानमंत्री मोदी
PM Modi : अयोध्या राम मंदिर में होने वाले भव्य ध्वजारोहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा कार्यक्रम अंतिम रूप ले चुका है। पीएम मोदी मंगलवार को अयोध्या पहुंचेंगे और लगभग चार घंटे राम मंदिर परिसर में बिताएँगे।
हेलीकॉप्टर से साकेत महाविद्यालय में लैंडिंग, वहीं से मंदिर का रुख
प्रधानमंत्री साकेत महाविद्यालय के ग्राउंड में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। वहाँ से उनका काफिला आदि शंकराचार्य प्रवेश द्वार की ओर बढ़ेगा और इसी मार्ग से वे राम मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे।
भवन निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र के अनुसार, पीएम मोदी का कार्यक्रम संशोधित किया गया है, जिसमें वे सबसे पहले सप्त मंडपम में जाकर रामायण कालीन ऋषियों को नमन और पूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पूजन के दौरान मंदिर पुजारियों और पूजन सामग्री की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
ध्वजारोहण का शुभ मुहूर्त—11:58 बजे से 1 बजे तक
नृपेन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे, आरती उतारेंगे और राम दरबार में राजा राम व माता सीता की भी आरती उतारेंगे।
निर्धारित शुभ मुहूर्त के तहत मध्याह्न 11:58 बजे से अपराह्न 1 बजे के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पीएम मोदी राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराएँगे। सेना के जवान पहले ध्वज का पूजन कर उसे सम्मानपूर्वक आरोहित करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करेंगे।
इसके पश्चात पीएम मोदी का जनता को संबोधन भी होगा। कार्यक्रम में महंत नृत्यगोपाल दास, RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।
तैयारियों की समीक्षा और सुरक्षा व्यवस्था
नृपेन्द्र मिश्र के अनुसार, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुरूप सभी तैयारियाँ तेजी से की जा रही हैं। तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय की देखरेख में व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने आमंत्रित अतिथियों की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है और पीएम के आवागमन मार्ग का निरीक्षण भी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था जिला प्रशासन के नियंत्रण में है।
नृपेन्द्र मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान वे सभी बैठकों में मौजूद रहेंगे और उनके निर्देशों के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
