सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- युवाओं को रोजगार नहीं, विरासत में मिला माफिया राज

Date:

spot_img
spot_img

Date:

spot_img
spot_img

सीएम योगी का सपा-कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- युवाओं को रोजगार नहीं, विरासत में मिला माफिया राज

CM Yogi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिद्धार्थनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि दोनों दल एक बार फिर समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने युवाओं के लिए पहचान का संकट खड़ा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में भ्रष्टाचार, आतंकवाद और नक्सलवाद हो, राज्य में दंगे और गुंडागर्दी का माहौल हो तथा निवेश के अवसर न हों, तो इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं पर पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि एक समय उत्तर प्रदेश के युवा अपनी पहचान बताने से बचते थे। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान हर जिले में माफिया को संरक्षण मिला, जबकि उनकी सरकार ने प्रदेश में विकास की नई दिशा तय की है।

- Advertisement -
- Advertisement -

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

सीएम योगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद सत्ता में आने वालों ने कई संस्थाओं का नाम परिवार के नाम पर रखा, जबकि क्रांतिकारियों को भुला दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नकारात्मक राजनीति की और देश में ऐसा माहौल बनाया, जिससे भारत की छवि कमजोर हुई।

उन्होंने कहा कि भारत के गुलाम होने के पीछे आपसी मतभेद और अपनी ही संस्थाओं के खिलाफ षड्यंत्र जैसी प्रवृत्तियां जिम्मेदार थीं। मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस से सवाल किया कि उनके शासनकाल में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए क्या किया गया।

भारत आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत अपने विरोधियों के सामने मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि जिस अर्थव्यवस्था को कांग्रेस के शासनकाल में चौपट बताया जाता था, वही भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

योगी ने कहा कि देश में निवेश का बेहतर माहौल बना है और बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर जीवन जी रहे हैं। उन्होंने युवाओं के लिए शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार को सरकार की प्राथमिकता बताया।

युवा अब सिर्फ जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रहा’

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उत्तर प्रदेश में 17 हजार स्किलिंग सेंटर संचालित होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि IIT, IIM और मेडिकल संस्थानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन रहा है। देश में स्टार्टअप का मजबूत इकोसिस्टम तैयार हुआ है और युवाओं को बिना भेदभाव के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कांवड़ यात्रा को लेकर सपा पर हमला

कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार करीब तीन करोड़ शिवभक्त कांवड़ लेकर यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सपा सरकार कांवड़ यात्रा पर रोक लगाती थी। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाने के बजाय श्रद्धालुओं को सुरक्षा देने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि शिवभक्ति समाज को जोड़ने का काम करती है और कांवड़ यात्रा के दौरान जाति-पाति के बंधन पीछे छूट जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा करने जाएंगे।

पिछले 9 साल में यूपी में कोई दंगा-कर्फ्यू नहीं’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में दंगा और कर्फ्यू की स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में युवाओं के सामने पहचान का संकट था और अपराध तथा अराजकता का माहौल था।

सैफई सिंडिकेट वसूली के लिए निकल पड़ता था’

सपा सरकार पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा की स्थिति खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि नकल को बढ़ावा दिया गया और सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार का बोलबाला था।

मुख्यमंत्री ने ‘सैफई सिंडिकेट’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नौकरी निकलते ही वसूली का खेल शुरू हो जाता था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने करीब नौ लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और प्रदेश में विकास की नई लहर चली है।

जल्द आएगी यूपी की नई युवा नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही नई युवा नीति लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले के कॉलेजों में युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि UPSC, UPPSC, NEET और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वर्चुअल और फिजिकल कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी। डीएम, एसपी, डॉक्टर, इंजीनियर और बैंक अधिकारियों को भी युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए जोड़ा जाएगा।

सीएम ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट के जरिए प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को टैबलेट दिए जाएंगे। वहीं मेधावी छात्राओं के लिए जल्द ही स्कूटी योजना शुरू करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि गरीब परिवार की बेटियां भी स्कूटी से कॉलेज तक पहुंच सकें।

इंसेफेलाइटिस और विकास को लेकर सपा-कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस से होने वाली मौतों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस और सपा पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कभी इस बीमारी से सैकड़ों बच्चों की मौत होती थी, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया।

योगी ने कहा कि इच्छाशक्ति वाली सरकार किसी भी समस्या का समाधान कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़े स्तर पर सुधार किया है।

सपा के एजेंडे में विकास नहीं’

सीएम योगी ने कहा कि सरकार औद्योगिक कॉरिडोर के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है और प्रदेश में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने सपा पर विधानसभा सत्र को बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के एजेंडे में विकास नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा, महिला, गरीब और किसान के लिए सरकार ने बजट में प्रावधान किया है। आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गांव के चौकीदार, रसोइया और कोटेदारों के इंसेंटिव बढ़ाने के लिए भी धनराशि की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि यदि डुमरियागंज और इटावा में भी भाजपा का कमल खिला होता तो विकास की गति और तेज होती। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब ‘डबल इंजन’ की सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।

Share This:
Ajay Sharmahttps://computersjagat.com
Indian Journalist. Resident of Kushinagar district (UP). Editor in Chief of Computer Jagat daily and fortnightly newspaper. Contact via mail computerjagat.news@gmail.com

Most Popular

More like this
Related

यूपी में फिर बरसेंगे बदरा, 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

यूपी में फिर बरसेंगे बदरा, 14 जिलों में भारी...

दूसरे महावत को नहीं भाया गजराज, बेकाबू होकर मचाया उत्पात

दूसरे महावत को नहीं भाया गजराज, बेकाबू होकर मचाया...

एक दान, सैकड़ों बच्चों की सेहत का इंतजाम—विद्यालय में लगी RO मशीन

एक दान, सैकड़ों बच्चों की सेहत का इंतजाम—विद्यालय में...