यूपी में फिर बरसेंगे बदरा, 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
Rain: उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ता नजर नहीं आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 10 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र के मुताबिक, 10 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान दोनों संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और चंदौली में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। ललितपुर और सोनभद्र में लगभग सभी स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
14 जिलों में येलो अलर्ट
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र शामिल हैं।
इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इटावा में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी यूपी के कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन भी हुआ। इटावा के ताखा में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा महोबा और कन्नौज में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
लखनऊ में भी बारिश के आसार
राजधानी लखनऊ में 10 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
किसानों और आम लोगों को सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की सलाह दी है। गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। आम लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने, गैर जरूरी यात्रा टालने और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर नहीं रहने की सलाह दी गई है।
