ओमप्रकाश राजभर का सपा और पीडीए फॉर्मूले पर तीखा हमला, जोनवार आंकड़े जारी कर लगाए गंभीर आरोप
Omprakash Rajbhar: सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कई पोस्ट साझा करते हुए सपा पर दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
राजभर ने दावा किया कि यूपी पुलिस के जोनवार आंकड़ों के अनुसार दलित उत्पीड़न के मामलों में यादव और मुस्लिम समुदाय के लोगों की संलिप्तता अधिक पाई गई है। उन्होंने कई पुलिस जोन और कमिश्नरेट के आंकड़े भी सार्वजनिक किए।
जोनवार जारी किए गए आंकड़े
राजभर द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार—
- गोरखपुर जोन: 760 मामलों में 297 यादव और 344 मुस्लिम आरोपित
- वाराणसी जोन: 603 मामलों में 350 यादव और 178 मुस्लिम
- आगरा जोन: 287 मामलों में 85 यादव और 93 मुस्लिम
- कानपुर जोन: 334 मामलों में 166 यादव और 57 मुस्लिम
- प्रयागराज जोन: 423 मामलों में 156 यादव और 126 मुस्लिम
- बरेली जोन: 430 मामलों में 100 यादव और 222 मुस्लिम
- मेरठ जोन: 288 मामलों में 24 यादव और 319 मुस्लिम
- लखनऊ जोन: 1094 मामलों में 410 यादव और 428 मुस्लिम आरोपित
सपा और अखिलेश यादव पर निशाना
राजभर ने इन आंकड़ों का हवाला देते हुए समाजवादी पार्टी पर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि दलितों के खिलाफ हिंसा, धमकी, बलात्कार और हत्या जैसे मामलों में कई आरोपित सपा से जुड़े होने का दावा किया गया है।
उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में गोरखपुर में दलित उत्पीड़न के मुद्दे पर सवाल उठाने वाले सपा नेताओं को अपने समर्थकों की भूमिका पर भी ध्यान देना चाहिए।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। इससे उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है।
राजभर ने हाल ही में समाजवादी पार्टी के सांसदों में टूट का दावा भी किया था, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल और बढ़ गई है।
