Batchmates: शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार प्रतिमाह, सीएम योगी ने किया ऐलान
Batchmates: गोरखपुर मे रामगढ़ताल स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के शिक्षामित्रों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जो इसी माह से लागू होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रयासरत थे, और सरकार ने संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान किया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने शिक्षामित्रों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया, लेकिन सरकार ने सदैव न्यायपूर्ण समाधान की दिशा में कार्य किया है।
सीएम योगी ने कहा कि शिक्षामित्रों को अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी प्रदान की जाएगी और उनकी तैनाती नजदीक में सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में बेसिक शिक्षा परिषद के प्रयासों से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। जहां पहले बच्चों की पढ़ने की क्षमता कमजोर थी, वहीं अब कक्षा 2 के विद्यार्थी भी पाठ्य सामग्री सहजता से पढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, ड्रॉपआउट रेट को शून्य तक लाने और हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव है, जो विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिक्षा सुधार में योगदान देने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों को भी शिक्षा सुधार में योगदान देने का आह्वान किया।
इसी कार्यक्रम में उन्होंने सांसद रवि किशन को भोपाल स्थित LNCT यूनिवर्सिटी द्वारा दी गई मानद डॉक्टरेट उपाधि पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि यह मानद उपाधि है, जिससे नौकरी का अधिकार नहीं मिलता, लेकिन यह सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर उपस्थित लोगों में मुस्कुराहट देखी गई।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
