Felicitation Ceremony: सरस्वती देवी महाविद्यालय में मान्यवर कांशीराम जयंती पर हुआ सम्मान समारोह आयोजित
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम ने देश को जो मार्ग दिखाया:पवन दुबे
Felicitation Ceremony: कुशीनगर जनपद के विकास खण्ड स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में मान्यवर कांशीराम जयंती के अवसर पर खड्डा तहसील की डॉ. भीमराव अंबेडकर समितियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम सभाओं से आए डॉ. भीमराव अंबेडकर समितियों के सदस्यगण का स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तथागत भगवान बुद्ध, भीमराव अंबेडकर तथा कांशीराम की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षाविद् एवं जनसेवक पवन दूबे ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में सुप्रसिद्ध लोकगायक पवनराज एवं मनोज मधुर ने अपने गीतों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अपने संबोधन में जनसेवक पवन दूबे ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम ने देश को जो मार्ग दिखाया है, उसी पर चलकर भारत वास्तविक रूप में प्रगति कर सकता है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के हाथ में संविधान शिक्षा और अधिकारों के महत्व को दर्शाता है, जबकि उनका पहनावा प्रगति और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उनकी आकाश की ओर उठी उंगलियां निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने बाबा साहेब के आदर्शों को आधार बनाकर दलित, पिछड़े और वंचित समाज को संगठित करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को बढ़ावा देना ही बाबा साहेब और मान्यवर कांशीराम के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
हम सभी को देश के विकास और सर्वसमाज की प्रगति के लिए उनके विचारों को आत्मसात करना चाहिए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से छट्ठू भारती, अंगद भारती, कमलनारायण, राजकुमार भारती, दिवाकर बौद्ध, हरिवंश बौद्ध, राजीव बौद्ध, विपिन मल्ल, श्यामू, अमित और कृष्णमुरारी गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
