Sitting: जिलाधिकारी ने उद्यमियों से जनपद में निवेश बढ़ाने की अपील
Sitting: जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की लक्ष्यपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों को आवंटित लक्ष्यों की विभागवार गहन समीक्षा की गई और अपेक्षित प्रगति न होने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में कोल्ड स्टोरेज एवं कृषि आधारित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए ठोस प्रयास किए जाएँ। आयुष विभाग के 100 करोड़ रुपये के लक्ष्य को यथार्थपरक करते हुए पुनः निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
उद्यमियों को पुनः मोटिवेट करने के निर्देश
गन्ना विभाग को कप्तानगंज क्षेत्र में प्रस्तावित एथनॉल फैक्ट्री के संचालन के लिए उद्यमियों को पुनः मोटिवेट करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा में को-ऑपरेटिव, अतिरिक्त ऊर्जा, मेडिकल एजुकेशन, वन विभाग, जीएसटी, हैंडलूम एवं टेक्सटाइल्स, उद्यान विभाग, बैंकर्स, माध्यमिक शिक्षा, पर्यटन सहित अन्य विभागों के लक्ष्यों की भी जांच की गई और सभी को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्यपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जनपद में किसी भी औद्योगिक इकाई की स्थापना पर जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं, अनुदानों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सभी माननीय जनप्रतिनिधियों को भी इस संबंध में पत्र प्रेषित किए जाएँ ताकि वे निवेशकों को प्रोत्साहित कर सकें।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने उद्यमियों, निवेशकों और व्यवसायिक संस्थाओं से अपील करते हुए कहा कि कुशीनगर में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक सहयोग, त्वरित स्वीकृतियाँ और शासन की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएँ उपलब्ध हैं।
इच्छुक निवेशक कलेक्ट्रेट में व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं या उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन के मोबाइल नंबर 9415822959 पर संपर्क कर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग, जिला गन्ना अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, पर्यटन अधिकारी, ए0आर0 को ऑपरेटिव, आबकारी अधिकारी, वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक, सहायक आयुक्त खाद्य सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
