T-20 cricket: विजय की शानदार पारी से इंजीनियरिंग विभाग क्वार्टर फाइनल में पहुंचा
T-20 cricket: मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पॉल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे लहरतारा स्थित रेलवे स्टेडियम में आयोजित अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 के तहत बुधवार को 16वां मुकाबला विद्युत ऑपरेशन विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया।
टॉस जीतकर विद्युत ऑपरेशन विभाग ने पहले इंजीनियरिंग विभाग को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इंजीनियरिंग टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाए।
टीम की ओर से विजय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 2 चौके और 8 छक्कों की मदद से 72 रन की दमदार पारी खेली। इसके अलावा अभिषेक ने 14 गेंदों पर 32 रन, जबकि सुरेंद्र ने 30 गेंदों पर 20 रन का योगदान दिया।
विद्युत ऑपरेशन की गेंदबाजी में शैलेश ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट, विपिन ने 4 ओवर में 47 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं अमित और नादिर को 1-1 सफलता मिली।
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत ऑपरेशन विभाग की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 157 रन ही बना सकी।
टीम की ओर से नादिर ने 51 गेंदों पर 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 78 रन की शानदार पारी खेली। दिनेश ने 18 रन, शैलेश ने 16 रन तथा रामदयाल ने 13 रन बनाए।
इंजीनियरिंग विभाग की गेंदबाजी में विजय, अखिलेश, अश्वनी, अजीत और सुभाष ने 1-1 विकेट प्राप्त किया। इस प्रकार इंजीनियरिंग विभाग ने 21 रनों से मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार इंजीनियरिंग विभाग के विजय को पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं विजी ट्रॉफी प्लेयर नौशाद अली खान द्वारा प्रदान किया गया।
