Encounter: 25 हजार का इनामी पशु तस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा व बाइक बरामद
Encounter: कुशीनगर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कसया कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अहिरौली बाजार क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी पशु तस्कर घायल होकर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिली सूचना, की गई घेराबंदी
घटना 01/02 नवम्बर 2025 की रात्रि की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में पशु तस्कर सक्रिय हैं। सूचना पर थाना अहिरौली बाजार, थाना कप्तानगंज व स्वाट टीम की संयुक्त पुलिस टीम ने अहिरौली–बोदरवार मार्ग पर पुलिया के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिससे आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी की पहचान और बरामदगी
घायल आरोपी की पहचान राकेश कुशवाहा पुत्र छोटन कुशवाहा निवासी तरया लछिराम टोला मछार थाना तरयासुजान, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं।

घायल आरोपी को इलाज हेतु पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इनामी अभियुक्त पर कई संगीन मुकदमे दर्ज
गौरतलब है कि राकेश कुशवाहा थाना अहिरौली बाजार में पंजीकृत मुकदमा संख्या 264/2024, धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था।
आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, हत्या प्रयास व अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
बरामदगी व गिरफ्तारी करने वाली टीम में
निरीक्षक आशुतोष सिंह प्रभारी स्वाट टीम कुशीनगर, प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे थाना अहिरौली बाजार तथा प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभूषण प्रजापति थाना कप्तानगंज अपनी-अपनी टीमों सहित शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा व्यक्त की है।
