Road Accident : भीषण सड़क हादसा, दो लोगों की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Road Accident: कुशीनगर में तरयासुजान थाना क्षेत्र के सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास रविवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली से सुपौल (बिहार) जा रही एक लग्जरी बस ने सलेमगढ़ टोल प्लाजा के पास दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस कुछ ही दूरी पर जाकर एक खड़ी ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में मौके पर ही दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान अली मियां (50 वर्ष) एवं अब्बार अंसारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों बिहार के गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना अंतर्गत शुकदेव पट्टी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, दोनों रिश्तेदारी से लौट रहे थे कि तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।
घटना स्थल पहुंचे उपजिलाधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा और तरया सुजान थानाध्यक्ष धनवीर सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया, परंतु आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर सलेमगढ़ मार्ग को जाम कर दिया और दोषी बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिना इंश्योरेंस और टैक्स के ओवरलोड बसें बेलगाम दौड़ रही हैं, लेकिन आरटीओ विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
हादसे के बाद लोगों के बीच एक बार फिर यह सवाल उठ खड़ा हुआ है कि आखिर ऐसी लापरवाह बसों पर कब लगाम लगेगी?
