तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई,एक युवक की दर्दनाक मौत
झूलनीपुर-पडरौना नहर सड़क मार्ग पर निचलौल थाना क्षेत्र के चंदा गांव के पास शनिवार देर शाम एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से दर्दनाक हादसा हो गया।
इस हादसे में खड्डा थाना क्षेत्र के भैंसहां गांव निवासी ब्रह्मा यादव (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी संतोष भारती (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, ब्रह्मा यादव पुत्र वृहस्पति और संतोष पुत्र लक्ष्मण भारती झूलनीपुर से अपने गांव भैंसहां लौट रहे थे। चंदा गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ब्रह्मा यादव को मृत घोषित कर दिया। संतोष का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
निचलौल थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हादसे की खबर सुनते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
