अंजुमन महिला पीजी कॉलेज को मिली बीएससी और पीजी विषयों की मान्यता,क्षेत्र में खुशी की लहर
कुशीनगर: कसया तहसील क्षेत्र के अंजुमन महिला पीजी कॉलेज, महअवा परवर पार को दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा बीएससी (जीव विज्ञान और गणित) तथा स्नातकोत्तर (पीजी) में उर्दू, समाज शास्त्र और इतिहास विषयों में मान्यता प्राप्त होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
कॉलेज के प्रबंधक बिलाल खान ने बताया कि इस मान्यता से छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर विज्ञान और स्नातकोत्तर विषयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में पहले से ही विभिन्न स्नातक कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें योग्य और अनुभवी शिक्षकों द्वारा अध्यापन कार्य किया जाता है।
इसके अलावा, छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां जैसे एनएसएस, एनसीसी, खेलकूद, वाद-विवाद और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
बिलाल खान ने बताया कि क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं, जो विज्ञान विषयों में पढ़ाई करना चाहते थे, उन्हें पहले जिला मुख्यालय या दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
इस समस्या को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रबंधन ने बीएससी और पीजी विषयों में मान्यता के लिए आवेदन किया था, जिसे विश्वविद्यालय ने स्वीकार कर लिया।
सत्र 2025-26 के लिए बीएससी जीव विज्ञान, गणित और पीजी में उर्दू, समाज शास्त्र, इतिहास विषयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।इस उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंध समिति, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है।
यह मान्यता न केवल कॉलेज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि स्थानीय छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलेगी।
