Muder :सनकी पति का शैतानी खेल, पत्नी को जिंदा जलाया, पत्थर से कूचकर की ससुर की हत्या
Muder: यूपी के हमीरपुर में एक सनकी पति ने रविवार को तड़के जमकर शैतानी खेल खेला।
दीवार फांदकर घर में घुसे पति ने अपनी पत्नी को सोते समय
चारपाई में आग लगाकर जिंदा फूंक दिया।चीख-पुकार सुनकर बचाने आए ससुर को
पत्थरों से कूचकर मार डाला। बच्चों का भी गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया।
पत्नी और ससुर की हत्या करने के बाद उसने खुद को भी तमंचे से गोली मार ली।
इससे घटनास्थल पर ही उसकी भी मौत हो गई। बीच बचाव में हमलावर पति का साथी प्रधानाध्यापक घायल हुआ है,
जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह-सुबह घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई।
सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट ने जांच शुरू कर दी।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी एंगिल से जांच में जुटी है।
मुस्करा थानाक्षेत्र के पहाड़ी भिटारी गांव में 42 वर्षीय ओमप्रकाश राजपूत अपनी
40 वर्षीय पत्नी अनुसुइया, 17 वर्षीय पुत्री केबीसी, 12 वर्षीय पुत्री जूली,
10 वर्षीय पुत्र प्रिंस के साथ रहता था। लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन
विवाद होने के चलते पत्नी अनुसुइया पांच महीने पहले तीनों बच्चों के
साथ हमीरपुर के राठ कस्बे के लीलावती नगर पठानपुरा मोहल्ले में रहने आ गई थी।
ओमप्रकाश की बड़ी बेटी ने बताया कि कुछ दिनों से उनके मकान में निर्माण चल रहा था।
जिसकी देखभाल करने के लिए गुरुवार को लोदीपुरा से 60 वर्षीय नाना नंदकिशोर भी यहां आ गए थे।
शनिवार की शाम सात बजे के आसपास पिता ओमप्रकाश राजपूत के साथी उच्च प्राथमिक विद्यालय
भिटारी के प्रधानाध्यापक 55 वर्षीय रतनलाल वर्मा घर पर आए। वह भी वहीं पर सो गए।
उसने बताया कि आधी रात के बाद दीवार फांदकर पिता ओमप्रकाश राजपूत घर में घुस आए और
सबसे पहले मां अनुसुइया को सोते समय चारपाई पर ही जिंदा जला दिया।
आग का गोला बनी मां चीखती-चिल्लाती इधर-उधर भागने लगी।
प्रधानाध्यापक रतनलाल वर्मा ने मां को बचाने की कोशिश की, जिसमें वह भी झुलस गए।
चीख-पुकार सुनकर नाना नंदकिशोर जब मौके पर पहुंचे तो पिता ने उन्हें भी जमीन पर पटक दिया
और पत्थरों से कूचकर उनकी जान ले ली। इससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
बड़ी बेटी ने बताया कि पिता ओमप्रकाश ने उसका और छोटे भाई का गला भी गला दबाकर
हत्या करने का प्रयास किया, लेकिन वे दोनों किसी तरह छूट कर निकल भागे।
इसके बाद पिता ने तमंचा सीने से सटाकर खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी भी मौत हो गई।
इस खबर से सुबह-सुबह हड़कंप मच गया। तड़के तीन बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई
और तीनों शवों को कब्जे में ले लिया। एएसपी मायाराम वर्मा,
सीओ फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस जांच में जुटी है।
